गोपालगंज, जुलाई 24 -- बिहार में गोपालगंज के सांसद एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार सुमन ने अपने संसदीय क्षेत्र के लाखों यात्रियों की सुविधा, बेहतर रेल कनेक्टिविटी और क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर महत्वपूर्ण पहल करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। सांसद श्री सुमन ने गोपालगंज एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को प्रमुखता से उठाते हुए दो महत्वपूर्ण ट्रेनों के तीन प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की है।

सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने अपने पत्र में गोमती एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15113/15114), जो गोमतीनगर से छपरा तथा पाटलिपुत्र एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15079/15080), जो पाटलिपुत्र से गोरखपुर के बीच संचालित होती है, का रतन सराय, जलालपुर एवं सासामुसा रेलवे स्टेशनों पर कम से कम दो मिनट का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की है।

डॉ. सुमन ने रेल मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि इन दोनों महत्वपूर्ण ट्रेनों के उक्त स्ट्रेशनों पर ठहराव की मांग क्षेत्र की जनता द्वारा लंबे समय से लगातार की जा रही है। स्थानीय नागरिकों एवं यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इन स्टेशनों पर ट्रेनों का ठहराव अत्यंत आवश्यक है। वर्तमान में इन ट्रेनों का ठहराव नहीं होने के कारण क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ता है तथा उन्हें अन्स स्ट्रेशनों पर जाकर ट्रेन पकड़ने के लिए अतिरिक्त समय एवं संसाधन खर्च करने पड़ते हैं।

सांसद ने कहा कि रतन सराय, जलालपुर और सासामुसा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री विभिन्न आवश्यकताओं के लिए रेल सेवा का उपयोग करते हैं। इन स्टेशनों पर महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, किसानों, मरीजों एवं आम यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा। साथ ही, बेहतर रेल सुविधा से क्षेत्र में व्यापारिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

सांसद ने कहा कि गोपालगंज संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधाओं का विस्तार, बेहतर कनेक्टिविटी और यात्रियों को सुगम एवं सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता से जुड़े मुद्दों को वे निरंतर संबंधित मंत्रालयों एवं सक्षम अधिकारियों के समक्ष उठाते रहे हैं और आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ उठाते रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित