गोपालगंज , अगस्त 16 -- गोपालगंज जिले के महम्मदपुर में आज अभियान बसेरा-2 के तहत भूमिहीन एवं जरूरतमंद परिवारों के बीच बंदोबस्ती पर्चा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री, मिथलेश तिवारी ने लाभुकों के बीच बंदोबस्ती पर्चा वितरित किया गया।
शिक्षा मंत्री ने इस मौके पर कहा कि भूमिहीन एवं जरूरतमंद परिवारों को उनका हक और अधिकार दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अभियान बसेरा-2 के माध्यम से पात्र परिवारों को भूमि का अधिकार प्रदान कर उन्हें स्थायित्व, सम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान सिधवलिया अंचल में कुल 61 लाभुकों के लिए बंदोबस्ती पर्चा निर्धारित था, जिसमें आज 26 लाभुकों के बीच पर्चा वितरित किया गया। वहीं बैकुंठपुर अंचल में कुल 68 लाभुकों के लिए बंदोबस्ती पर्चा निर्धारित था, जिसमें आज 35 लाभुकों के बीच पर्चा वितरित किया गया। इस प्रकार दोनों अंचलों में आज कुल 61 लाभुकों को बंदोबस्ती पर्चा वितरित किया गया।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि भूमि का अधिकार मिलने से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में स्थायित्व आएगा तथा उनमें सुरक्षित भविष्य और आत्मनिर्भरता को लेकर नया विश्वास पैदा होगा। सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बंदोबस्ती पर्चा प्राप्त करने वाले लाभुकों ने सरकार की इस पहल के प्रति आभार व्यक्त किया। लाभुकों के लिए यह पहल उनके जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव लाने वाली साबित होगी और उन्हें अपने परिवार के भविष्य को बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित