गोपालगंज,18अगस्त(वार्ता)बिहार में गोपालगंज के जिलाधिकारी समीर सौरभ ने विभागीय जांच में आरोप प्रमाणित पाए जाने के बाद मंगलवार को बिजयी पुर अंचल के हल्का संख्या-02/06, थाना-बिजयीपुर में कार्यरत चौकीदार गया यादव को तत्काल प्रभाव से सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
गया यादव के विरुद्ध दो आरोपों को लेकर विभागीय कार्रवाई की गई है। प्रथम आरोप दहेज मांगने एवं शादी से संबंधित मामले से जुड़ा है, जबकि द्वितीय आरोप नियुक्ति के समय प्रस्तुत प्रमाण-पत्र एवं जन्मतिथि से संबंधित दस्तावेजों में विसंगति पाए जाने का है।
विभागीय जांच में उपलब्ध अभिलेखों एवं साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोप प्रमाणित पाए गए। आरोपित चौकीदार से स्पष्टीकरण की मांग की गई थी, लेकिन निर्धारित अवधि में उन्होंने लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया।
जिला पदाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 यथा संशोधित 2007 के प्रावधानों के तहत श्री यादव को तत्काल प्रभाव से सरकारी सेवा से बर्खास्त करने का आदेश जारी किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित