पटना , सितम्बर 13 -- बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि गोपालगंज की जनता को बेहतर शिक्षा के साथ गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए स्वास्थ्य व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में हरसंभव पहल की जाएगी।
श्री तिवारी ने रविवार को गोपालगंज जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण को लेकर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मुलाकात की और क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को उनके समक्ष रखा। उन्होंने इन मामलों में शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया।
उन्होंने ट्रॉमा सेंटर झांझवा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिधवलिया, बैकुंठपुर एवं बरौली समेत अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (एपीएचसी) और स्वास्थ्य उपकेंद्रों में रिक्त पदों के अनुरूप पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों एवं आवश्यक स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त चिकित्सकीय मानवबल की तैनाती आवश्यक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित