पटना , जनवरी 13 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मंगलवार को गोपालगंज जिले में बरौली अंचल के राजस्व अधिकारी विजय कुमार सिंह को छह हजार रूपये रिश्वत लेते हुये गिरफ्तार कर लिया।
ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि गोपालगंज जिले के बरौली थाना क्षेत्र के बघेजी गांव निवासी और परिवादी शैलेन्द्र साह ने पटना ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी थी कि राजस्व अधिकारी विजय कुमार सिंह के द्वारा जमीन का दाखिल-खारिज करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाये जाने के बाद कांड अंकित कर पटना ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्ता नरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।
सूत्रों ने बताया कि धावादल ने कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त विजय कुमार सिंह को छह हजार रूपये रिश्वत लेते हुए उसके कार्यालय कक्ष से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे मुजफ्फरपुर निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित