गोपालगंज, 24अप्रैल (वार्ता)बिहार के गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र में अपराधियों ने शुक्रवार को ज्चेलरी दुकान में लूटपाट की कोशिश के बाद फरार होने के क्रम में गोलीबारी की,जिससे एक राहगीर की मौत हो गयी, वहीं एक अपराधी को ग्रमाीणों ने पीट-पीटकर मार डाला।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि लाला छापर गांव में अपराधियों ने 'दीपक ज्वेलर्स' में लूटपाट की कोशिश की, जिसमें वे सफल नहीं हुये।अपराधियों ने फरार होने के क्रम में उनका पीछा कर रहे ग्रामीणों पर गोलियां चलाई। गोली लगने से राहगीर डबलू मिश्र (40) की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि एक अन्य घायल हो गया। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने एक अपराधी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की और उसकी बाइक में आग लगा दी।
सूत्रों ने बताया कि एक अन्य अपराधियों ने ग्रामीणों ने भोरे थाना क्षेत्र के मठिया गांव के सिसई टोला के पास पकड़ लिया और उसकी पीट-पीट कर हत्या कर दी। मृतक अपराधी की पहचान नहीं की जा सकी है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रांजल ने बताया कि इस घटना में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में शामिल एक अन्य अपराधी फरार हो गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिये छापेमारी की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद हथुआ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) आनंद मोहन गुप्ता सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से एक रिवॉल्वर बरामद की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित