गोपालगंज, जुलाई 11 -- बिहार में गोपालगंज के जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में शनिवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा से संबंधित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

जिला पदाधिकारी ने बिहार सड़क सुरक्षा परिषद (संशोधन) नियमावली, 2022 के अनुरूप प्रत्येक माह जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित करने तथा सड़क सुरक्षा गतिविधियों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिये। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की निगरानी, दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान एवं विश्लेषण तथा सड़क सुरक्षा मानकों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

समीक्षा के दौरान जिले के ब्लैक स्पॉटों की पहचान एवं सुधार, सड़क सुरक्षा मानकों के अनुपालन, सड़क सुरक्षा कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन, सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ट्रॉमा सेंटर एवं फर्स्ट रिस्पॉन्स सिस्टम को सुदृढ़ करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, वाहन दुर्घटना में घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने वाले 'गुड समैरिटन प्रावधान के व्यापक प्रचार-प्रसार तथाआईआरएडी एवं ई-डीएआर पोर्टल पर दुर्घटनाओं की ऑनलाइन प्रविष्टि समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिला पदाधिकारी ने सड़क सुरक्षा अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाने, विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता बढ़ाने तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, ट्रैफिक डीएसपी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनिल कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित