गोपालगंज, जुलाई 14 -- बिहार के गोपालगंज जिले में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मंगलवार को अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) राजेश्वरी पाण्डेय ने डुमरिया घाट बांध एवं गौसिया बांध का स्थलीय निरीक्षण किया। श्री पाण्डेय ने निरीक्षण के दौरान बाढ़ सुरक्षा से संबंधित तैयारियों, तटबंधों की स्थिति तथा संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारीयो को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शाहनवाज खान, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

अधिकारियों ने अपर समाहर्ता को बताया कि सारण तटबंध एवं सहायक छरकी वर्तमान में पूरी तरह सुरक्षित हैं तथा बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा लगातार निगरानी एवं चौकसी बरती जा रही है। संवेदनशील स्थलों पर नियमित निरीक्षण किया जा रहा है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं।

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि तटबंधों की नियमित मॉनिटरिंग जारी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की क्षति, रिसाव या असामान्य गतिविधि की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

उन्होंने निर्देश दिये कि बाढ़ नियंत्रण से संबंधित सभी संसाधनों को पूर्णतः तैयार रखा जाए तथा तटबंधों की चौबीसों घंटे निगरानी सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित