गोपालगंज, मई 30 -- बिहार के गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र मेंमें पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी आकाश कुमार घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि बिहार विशेष कार्य बल (एसटीएफ) पिछले पांच वर्षों से आकाश कुमार की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद हथियार बरामदगी के लिए पुलिस आकाश को शुक्रवार की रात बंजारी बायपास क्षेत्र में लेकर पहुंची, तभी उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आकाश कुमार के दोनों पैरों में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूत्रों ने बताया कि घायल आकाश कुमार जिले के थावे थाना क्षेत्र के बरईहाता गांव का निवासी है। उस पर थावे थाना के पूर्व मुखिया कुरैश मियां की हत्या, लूट, रंगदारी समेत करीब 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में उसने थावे के स्टील व्यवसायी मृत्युंजय कुमार से रंगदारी की मांग की थी और राशि नहीं मिलने पर जान से मारने की धमकी दी थी।पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित