गोपालगंज , मार्च 09 -- बिहार के गोपालगंज जिला में आगामी गर्मी को देखते हुये पेयजल व्यवस्था सुचारू रखने के लिये जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने सोमवार को समाहरणालय परिसर से चलंत चापाकल मरम्मति दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
लोक स्वास्थ्य प्रमंडल की ओर से गठित यह दल जिले के सभी 14 प्रखंडों में जाकर खराब पड़े चापाकलों की मरम्मति करेगा, जिससे गर्मी के मौसम में लोगों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े। इसके लिये पंचायतवार रोस्टर तैयार किया गया है और जनप्रतिनिधियों से बंद पड़े चापाकलों की सूची लेकर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत की जायेगी। मरम्मति कार्य पूरा होने के बाद इसकी जानकारी विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज की जायेगी, जिससे निगरानी और पारदर्शिता बनी रहे।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 28,204 चापाकल स्थापित हैं, जिनमें से 462 चापाकल फिलहाल मरम्मति योग्य पाये गये हैं। गर्मी के दौरान इनकी मरम्मत सुनिश्चित करने के लिये दल अगले दो महीनों तक लगातार सक्रिय रहेगा।
इसके साथ ही पेयजल से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिये नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। आम लोग दूरभाष संख्या- 06156-224742 पर चापाकल या पेयजल से संबंधित समस्या की सूचना दे सकते हैं। जिला प्रशासन को उम्मीद है कि इस पहल से गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति बेहतर बनी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित