गोपालगंज , मार्च 14 -- िहार के गोपालगंजजिले में आगामी ईद-उल-फितर, चैती छठ एवं रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लिए शुक्रवार को जिला स्तरीय शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें उत्सव के दौरान डीजे पर प्रतिबंध को शतप्रतिशत लागू करने का फैसला लिया गया।
यह बैठक जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा एवं पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी की संयुक्त अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया और पर्व-त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक के दौरान शांति समिति के सभी सदस्यों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि जिले में डीजे पर लगाए गए प्रतिबंध को पूरी तरह सफल बनाया जाएगा। सदस्यों ने शपथ लेते हुए कहा कि वे स्वयं भी किसी प्रकार के कार्यक्रम में डीजे का उपयोग नहीं करेंगे और यदि किसी शादी-विवाह या अन्य आयोजन में डीजे बजाया जाता है तो वहां शामिल नहीं होंगे।
इसके साथ ही प्रशासन को इसकी सूचना देकर कार्रवाई सुनिश्चित कराने में सहयोग करेंगे।
जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने स्पष्ट रूप से कहा कि गोपालगंज जिले में डीजे पर 100 प्रतिशत प्रतिबंध को सख्ती से लागू कराया जाएगा। उन्होंने सभी थाना प्रभारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि कहीं भी डीजे का उपयोग किया जाता हुआ पाया जाए तो उसे तत्काल जब्त किया जाए और नियम के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने भी बैठक में कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने सभी थाना प्रभारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा जुलूस एवं भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि डीजे बजाने, मोटरसाइकिल रैली निकालने या किसी भी प्रकार से शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पर्व-त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था को लेकर कई अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। इसमें ड्रॉप गेट के लिए चिन्हित स्थानों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था, रामनवमी जुलूस के मार्गों की निगरानी, थाना एवं प्रखंड स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित करने, भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में रामनवमी के अवसर पर निकलने वाली शोभा यात्रा की भी चर्चा की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में मोटरसाइकिल रैली या डीजे का उपयोग नहीं किया जाएगा। शोभा यात्रा शांतिपूर्ण माहौल में निकले इसके लिए आयोजकों को पहले से प्रशासन को पूरी जानकारी देनी होगी और निर्धारित नियमों का पालन करना होगा।
जिला प्रशासन ने यह भी निर्णय लिया कि शांति समिति के सदस्य विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर मौजूद रहकर प्रशासन को सहयोग करेंगे, ताकि पर्व-त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो सके। सभी लोगों से अपील की गई कि वे आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखते हुए पर्व-त्योहार मनाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित