गोपालगंज , मई 15 -- बिहार में गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र से पुलिस ने नोट दोगुना करने के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने शुक्रवार को बताया कि सिधवलिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में बैकुंठपुर, सिधवलिया और मोहम्मदपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार की रात सिंहासिनी गांव में छापेमारी की।उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान मौके से आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया तथा भारी मात्रा में नोटों की गड्डियां, संदिग्ध रसायन (केमिकल) और नोट गिनने की मशीन बरामद की गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बरामद नकदी करीब 50 लाख रुपये के आसपास अनुमानित है, हालांकि यह राशि असली है या नकली, इसकी पुष्टि विशेषज्ञ जांच के बाद ही की जाएगी। फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा गिरोह के नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित