गोपालगंज , मार्च 08 -- अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गोपालगंज जिला प्रशासन की ओर से आंबेडकर भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसकी इस वर्ष की थीम संयुक्त राष्ट्र द्वारा निर्धारित 'गिव टू गेन' रही और यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास निगम और कला संस्कृति विभाग के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा, उप- विकास आयुक्त गौरव कुमार और अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर स्कूली छात्रों ने गणेश वंदना समेत कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी रंजना कुमारी ने स्वागत संबोधन देते हुये अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व और महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने अपने संबोधन में बिहार में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से हो रहे सशक्तिकरण पर चर्चा करते हुये नारी शक्ति को नमन किया।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी, जीविका, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पंचायतीराज, प्रशासन और समाज सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 100 से अधिक महिलाओं को स्मृतिचिन्ह, प्रशस्ति- पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण 'गोपालगंज जिला की अग्रणी नारीशक्ति सम्मान' रहा, जिसके तहत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रेरणादायक महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियां और महिला अधिकार, बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ और बाल विवाह उन्मूलन जैसे विषयों पर आधारित नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया।
अंत में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सुश्री कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन कर सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलायें उपस्थित रहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित