गोण्डा, अप्रैल 1 -- उत्तर प्रदेश में गोण्डा रेलवे जंक्शन पर पुलिस अभिरक्षा से भाग कर रहे चोर को पकड़ते समय चलती ट्रेन की चपेट में आये राजकीय रेलवे पुलिस के आरक्षी के दोनों पैर कट गये। इसके बावजूद जांबाज सिपाही चोर को धर दबोचा। जीआरपी निरीक्षक दिनेश कुमार नें बताया कि गोंडा के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर बीती देर रात पर्स चोरी को लेकर दो युवकों में मारपीट होने लगी। मामले में सुनील कुमार (35) पर जेब से पैसे चोरी करने का आरोप लगाया। मारपीट होती देख वहां ड्यूटी दे रहे सिपाही आकाश सिंह (29) भी पहुंच गए और दोनों युवकों को पकड़कर जीआरपी थाना परिसर में ले आए।
दोनों से पूछताछ के दौरान प्लेटफॉर्म पर लखनऊ की ओर जा रही डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस (15903) आ गई। इसी दौरान, अचानक सुनील कुमार ने सिपाही आकाश से अपना हाथ छुड़ाया और चलती ट्रेन में चढ़कर भागने लगा। आकाश ने भी उसके पीछे दौड़ लगा दी। उन्होंने बताया कि ट्रेन में चढ़ रहे आरोपी सुनील को सिपाही नें पीछे से पकड़ कर बाहर खींच लिया लेकिन दुर्भाग्यवश चलती ट्रेन में आकाश सिंह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच में बने गैप में गिर गए और उनके पैर कट गए।
उन्होंने बताया कि जख्मी होने के बावजूद उन्होंने चोर को दबोच लिया। इंस्पेक्टर नें बताया कि मऊ जिले के रहने वाले सिपाही आकाश को गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। प्राइमरी इलाज के बाद वहां से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। इधर,आरोपी चोर का भी उपचार कराया जा रहा हैं ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित