गोण्डा , जुलाई 24 -- पूर्वोत्तर रेलवे के गोण्डा जंक्शन पर शुक्रवार को बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। रेलवे चिकित्सकीय टीम और सहयात्रियों की तत्परता से कोच में ही सुरक्षित प्रसव कराया गया, जिसमें महिला ने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। रेलवे सूत्रों ने बताया कि बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (12566) में यात्रा के दौरान खुशबू (26) को अचानक प्रसव पीड़ा होने लगी। इसकी सूचना मिलते ही गोण्डा जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर उप स्टेशन अधीक्षक (वाणिज्य) दीपक पांडेय, डॉ. प्रतिभा सिंह तथा मेडिकल टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
उन्होंने बताया कि सहयात्रियों के सहयोग से ट्रेन के एस-4 कोच में ही सुरक्षित प्रसव कराया गया, जहां महिला ने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। इस दौरान मौजूद यात्रियों ने नवजात को स्नेहपूर्वक "क्रांति" नाम से पुकारना शुरू कर दिया।
सूत्रों के अनुसार प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। इसके बाद दोनों को एम्बुलेंस के माध्यम से जिला महिला अस्पताल भेजा गया। इस दौरान ट्रेन लगभग 20 मिनट तक गोण्डा जंक्शन पर रुकी रही। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित