गोण्डा , मई 7 -- उत्तर प्रदेश में गोण्डा जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में झंझरी मार्ग पर गुरुवार को तेज रफ्तार और बेकाबू जीप की चपेट में आने से आठ लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार नगर कोतवाली क्षेत्र में यादव जलपान गृह के पास कई लोग सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान तेज गति से गुजर रही एक जीप अचानक अनियंत्रित हो गई और वहां मौजूद लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में रमेश प्रजापति (35), कन्हैयालाल (26), चंद्रपाल (35), फूलजहां (35), रिंकी (19), नूर मोहम्मद (38), हसन (13) तथा आसिफ (18) घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जीप लोगों को टक्कर मारने के बाद आगे जाकर एक बस से भिड़ गई, जिसके बाद वाहन रुका।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त जीप को कब्जे में ले लिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित