गोण्डा , मई 15 -- उत्तर प्रदेश में गोण्डा जिले के कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार रात गश्त के दौरान तेज रफ्तार कार की टक्कर से पुलिस के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर वाहन कब्जे में ले लिया है।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि क्षेत्र के चौरी चौराहा के पास कर्नलगंज कोतवाली में तैनात सिपाही हिमांशु प्रजापति और अनिल कुमार गुप्ता बाइक से रात्रि गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।

पुलिस ने मौके से कार चालक राजेश कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि आरोपी नशे की हालत में था। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सीसामऊ स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा के बैंक मैनेजर राजेश कुमार सिंह के रूप में हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित