गोण्डा , मई 26 -- पूर्वोत्तर रेलवे के गोण्डा जंक्शन से डालीगंज और नकहा जंगल तक संचालित सवारी गाड़ी का कोविड काल के बाद मंगलवार को पुनः संचालन शुरू हो गया। केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा विदेश राज्यमंत्री एवं गोण्डा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ने गोण्डा जंक्शन पर आयोजित समारोह में नई सवारी गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के अंतर्गत विशेष सवारी गाड़ी संख्या 05065 नकहा जंगल-गोण्डा-डालीगंज का शुभारम्भ किया गया है। यह विशेष गाड़ी गोण्डा जंक्शन से अपराह्न 12:30 बजे प्रस्थान कर सायं 4:00 बजे डालीगंज जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद नियमित गाड़ी संख्या 55062 डालीगंज-गोण्डा-नकहा जंगल सवारी गाड़ी का संचालन किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि इस पैसेंजर ट्रेन के संचालन से आम जनता, व्यापारियों, छात्रों तथा रोजाना गोण्डा से लखनऊ तक यात्रा करने वाले निम्न आय वर्ग के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह रेल सेवा क्षेत्र के विभिन्न नगरों और कस्बों के बीच संपर्क को और मजबूत करेगी, जिससे स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि नई सवारी गाड़ी सेवा शुरू होने से पूर्वांचल और तराई क्षेत्र के यात्रियों को लखनऊ सहित विभिन्न प्रमुख स्टेशनों तक बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा, जिससे यात्रा अधिक सरल और सुगम बनेगी।
केन्द्रीय मंत्री ने गोण्डा क्षेत्र में रेलवे प्रशासन द्वारा कराए जा रहे आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण कार्यों तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत गोण्डा जंक्शन पर हो रहे पुनर्विकास कार्यों की भी सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित