रांची , मई 05 -- झारखंड के गोड्डा जिले स्थित अमडीहा ओवरब्रिज पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई और परिवार के चार लोग घायल हो गये।
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का एक टायर फट गया और गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद स्कॉर्पियो करीब 35 फीट तक घिसटते हुए दूसरे डिवाइडर से जा टकराई और फिर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे में रांची के खेलगांव निवासी देव तिवारी की बेटी सारा तिवारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी रूपा चौधरी और दूसरी बेटी चेरी तिवारी गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें गोड्डा सदर अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
इसके अलावा देव तिवारी (42) और ब्यूटी सिंह (26) को बेहतर इलाज के लिए देवघर एम्स रेफर किया गया है। ब्यूटी सिंह के पति सोनू सिंह को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायल एक ही परिवार से जुड़े हुए हैं।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह परिवार रांची से गुवाहाटी जा रहा था और किसी काम से गोड्डा आया हुआ था। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित