गोड्डा , जून 27 -- झारखंड के गोड्डा जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र में शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर दो युवकों के शव फंदे से लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
दोनों घटनाएं अलग-अलग गांवों के जंगलों में हुईं। सूचना मिलते ही ललमटिया पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
पहली घटना ललमटिया चौक स्थित चर्च के पीछे जंगल की है। यहां करीब 25 वर्षीय सरफराज अंसारी का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। सुबह बकरी चराने गए ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल से पुलिस ने एक जोड़ी चप्पल और डेंड्राइट (नशे में इस्तेमाल होने वाला पदार्थ) की एक बोतल बरामद की है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सरफराज पहले ड्राइवर का काम करता था और उसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। हालांकि, कुछ समय पहले उसने काम छोड़ दिया था। पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, लेकिन अन्य सभी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
वहीं दूसरी घटना ललमटिया थाना क्षेत्र के पियारम जंगल की है, जहां करीब 40 वर्षीय अमीन लोहार का शव फंदे से लटका मिला। अमीन लोहार सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र का रहने वाला था और अपने रिश्तेदार के घर पियारम आया हुआ था। उसकी पत्नी कूका देवी ने पुलिस को बताया कि अमीन मानसिक रूप से अस्वस्थ था।
दोनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी रोशन कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक जांच-पड़ताल की। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घटनास्थलों से साक्ष्य भी जुटाए हैं।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट और जांच के आधार पर यह स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों मामलों में आत्महत्या हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल ललमटिया थाना पुलिस दोनों मामलों की गहन जांच में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित