हनुमानगढ़ , सितम्बर 26 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के प्रसिद्ध गोगाजी मंदिर में भाद्रपद मास का एक महीने तक चलने वाला ऐतिहासिक गोगामेड़ी मेला पूजा-अर्चना और भक्ति के साथ सफलतापूर्वक शनिवार को संपन्न हो गया।

इस वर्ष मेले में राजस्थान के अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, बिहार समेत कई राज्यों से 40 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे और गोगाजी के दर्शन किये।

समापन के अवसर पर भादरा विधायक संजीव बेनीवाल, मेला मजिस्ट्रेट सुनीता यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी और देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त गौरव सोनी गोगाजी मंदिर पहुंचे। सभी अधिकारियों ने मंदिर में मत्था टेका, पूजा अर्चना की।

विधायक संजीव बेनीवाल ने मेले के दौरान देवस्थान विभाग द्वारा किए गए नवाचारों की विशेष तारीफ की। उन्होंने पतंगबाजी और डायनासोर जैसे नए आकर्षणों का जिक्र करते हुए कहा कि इन व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं को नयी सुविधाएं मिलीं। उन्होंने मेला प्रशासन, पुलिस विभाग और सामाजिक संगठनों की पूरी व्यवस्था की सराहना की।

श्री बेनीवाल ने घोषणा की कि अगले वर्ष गोगामेड़ी मेले के लिए और अधिक बजट लाया जायेगा, ताकि श्रद्धालुओं को और बेहतर सुविधाएं दी जा सकें तथा मेले को और भव्य बनाया जा सके।

मेला मजिस्ट्रेट सुनीता यादव ने मेले के शांतिपूर्ण समापन पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि प्रशासन के नवाचारों और बेहतर प्रबंधन के कारण यात्रियों को अच्छी सुविधाएं मिलीं। चेन झपटने जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगी। पशु मेला भी सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

गोगामेड़ी मेला उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक मेलों में से एक माना जाता है। गोगाजी को जाहरवीर के नाम से भी जाना जाता है और हिंदू एवं मुस्लिम दोनों समुदायों के लोग इनकी पूजा करते हैं। मेले के समापन के साथ ही श्रद्धालु अब अपने-अपने घरों को लौटने लगे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित