हनुमानगढ़ , अगस्त 28 -- राजस्थान में उत्तर भारत के प्रसिद्ध एवं सांप्रदायिक सौहार्द के प्रतीक गोगामेड़ी मेले का शुक्रवार को विधिवत पूजा-अर्चना एवं ध्वजारोहण के साथ शुभारंभ हुआ।

जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, भादरा विधायक संजीव बेनीवाल एवं पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने ध्वजारोहण कर मेले का शुभारंभ किया और गोगाजी महाराज की समाधि पर चादर चढ़ाकर जिले की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

डॉ. यादव ने कहा कि एक महीने तक चलने वाले इस मेले में 40 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अवरोधक, पेयजल, चिकित्सा, विद्युत, अग्निशमन, पार्किंग, यातायात प्रबंधन एवं ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि कतार में लगे श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अवरोधक लगाये गये क्षेत्र में ही छह प्रसाद एवं आवश्यक सामग्री की दुकानें स्थापित की गई हैं, ताकि उन्हें बाहर नहीं जाना पड़े। उन्होंने कहा कि मेले को श्रद्धा, सौहार्द और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

भादरा विधायक संजीव बेनीवाल ने कहा कि गोगामेड़ी मेला राज्य की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने अधिकारियों को साफ-सफाई एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि मेले में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए 932 से अधिक पुलिसकर्मी, आरएसी, होमगार्ड एवं यातायात पुलिस का विशेष जाब्ता तैनात किया गया है। वहीं, देवस्थान विभाग द्वारा 631 अस्थायी दुकानों, पार्किंग एवं मनोरंजन स्थलों के लिए ऑनलाइन ई-नीलामी की प्रक्रिया भी की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित