मऊ , जुलाई 22 -- उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में गोकशी के एक मामले में वांछित 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश को कोपागंज पुलिस और स्वाट/एसओजी की संयुक्त टीम ने बुधवार तड़के मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोकशी के मामले में वांछित इनामी अभियुक्त ढेला अहमद इंदारा रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया और आत्मसमर्पण करने को कहा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक देशी तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध थाना कोपागंज में दर्ज मुकदमा संख्या 106/2026 में उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5/8 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत मामला दर्ज है। उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर रात के समय आवारा गायों को पकड़कर सुनसान स्थानों पर ले जाता था, जहां उनकी हत्या कर मांस को बोरियों में भरकर ऊंचे दामों पर बेच देता था। इस अवैध कारोबार से होने वाली रकम गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसके कई साथी पहले ही पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जा चुके हैं और गिरफ्तारी के डर से उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी।
पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी का चिकित्सकीय उपचार कराया जा रहा है। उसके आपराधिक इतिहास तथा गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में पूछताछ जारी है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश में भी लगातार दबिश दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित