राजनांदगांव , मार्च 29 -- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गोंदिया स्टेशन से गुजरने वाली कुछ रद्द एक्सप्रेस गाड़ियों का परिचालन पुनः शुरू करने का निर्णय लिया है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, गोंदिया स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 3 (लाइन नंबर 05) पर 'वॉशेबल एप्रन' को हटाकर 'बैलस्टेड ट्रैक' में परिवर्तन कार्य के चलते इन गाड़ियों को अस्थायी रूप से रद्द किया गया था। कार्य पूर्ण होने के बाद अब इन गाड़ियों का संचालन निर्धारित समय सारणी के अनुसार बहाल किया जा रहा है।
पुनः परिचालित की जाने वाली गाड़ियों में गाड़ी संख्या 18030 शालीमार-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस, जो 4 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक संचालित होगी, तथा गाड़ी संख्या 18029 लोकमान्य तिलक टर्मिनल-शालीमार एक्सप्रेस, जो 6 अप्रैल से 26 अप्रैल 2026 तक चलेगी, शामिल हैं।
इसके अलावा गाड़ी संख्या 12101 लोकमान्य तिलक टर्मिनल-शालीमार ज्ञानेश्वरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस 4, 5, 7, 8, 11, 12, 14, 15, 18, 19, 21 एवं 22 अप्रैल 2026 को तथा गाड़ी संख्या 12102 शालीमार-लोकमान्य तिलक टर्मिनल ज्ञानेश्वरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस 6, 7, 9, 10, 13, 14, 16, 17, 20, 21, 23 एवं 24 अप्रैल 2026 को संचालित की जाएगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले गाड़ियों की अद्यतन जानकारी के लिए रेलवे के आधिकारिक पूछताछ नंबर 139, रेलवन ऐप अथवा रेलवे की वेबसाइट का उपयोग करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित