राजनांदगांव , मई 12 -- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में पहल करते हुए गोंदिया और छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव रेलवे स्टेशनों पर स्वचालित विक्रय मशीन (ऑटोमैटिक वेंडिंग मशीन) सेवा शुरू की है।

रेलवे द्वारा मंगलवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस सुविधा के माध्यम से यात्रियों को स्टेशन परिसर में खाद्य सामग्री एवं पेय पदार्थ त्वरित और सहज रूप से उपलब्ध हो सकेंगे। नई व्यवस्था से यात्रियों को आवश्यक वस्तुओं की खरीद के लिए लंबी प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी तथा उन्हें स्वच्छ और सुविधाजनक सेवा का लाभ मिलेगा।

यह सुविधा नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह के नेतृत्व में प्रारंभ की गई है।

रेल प्रशासन ने कहा कि यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। ऑटोमैटिक वेंडिंग मशीन सेवा शुरू होने से यात्रियों को स्टेशन परिसर में आत्मनिर्भर एवं सहज खरीदारी का अनुभव मिलेगा, जिससे यात्रा और अधिक सुविधाजनक बनेगी।

रेलवे ने भविष्य में भी यात्रियों की सुविधा, स्वच्छता और बेहतर सेवा के लिए इस प्रकार की जनहितकारी सुविधाओं के विस्तार की बात कही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित