गोंडा , जून 22 -- अयोध्या धाम से सटे उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक मुस्लिम परिवार द्वारा हिंदू धर्म अपनाने का मामला सामने आया है। विश्व हिंदू धर्म रक्षा परिषद के पदाधिकारियों ने दावा किया है कि परिवार ने वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार विधिवत अनुष्ठान के बाद हिंदू धर्म में वापसी की है। परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं सभासद प्रकाश आर्य उर्फ हीरू ने सोमवार को बताया कि नगर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास द्वितीय निवासी हमजा अली रैनी ने संगठन की सनातन हेल्पलाइन के माध्यम से हिंदू धर्म में वापसी के लिए पंजीकरण कराया था।
उन्होंने बताया कि परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय के निर्देश पर हमजा अली, उनके माता-पिता तथा भाई को लखनऊ स्थित संगठन के प्रदेश कार्यालय भेजा गया, जहां आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ उन्हें हिंदू धर्म में सम्मिलित किया गया।
श्री आर्य ने दावा किया कि संबंधित परिवार के पूर्वज हिंदू थे और परिवार की इच्छा के अनुरूप यह प्रक्रिया पूरी की गई। उन्होंने कहा कि संगठन देशभर में ऐसे लोगों के लिए अभियान चला रहा है, जो स्वेच्छा से सनातन धर्म में वापसी करना चाहते हैं।
उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से विभिन्न राज्यों में जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में "जागो हिंदू जागो" अभियान के तहत आगामी 25 जुलाई को पश्चिम बंगाल के बांग्लादेश सीमा से सटे बनगांव क्षेत्र में एक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। हालांकि धर्म परिवर्तन अथवा धर्म में वापसी से संबंधित दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित