गोण्डा, सितम्बर 26 -- उत्तर प्रदेश के गोण्डा जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान वर्षा जनित हादसों में कम से कम दो लोगों की मौत हो गयी और चार अन्य घायल हो गये हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि धानेपुर थाना क्षेत्र के कस्बा बाजार में तेज हवा से आम का एक विशाल पेड़ गिर गया जिसकी चपेट में आने से बाइक सवार इमरान (35) पुत्र अजीज और खालिद (33) पुत्र हासिम की मृत्यु हो गयी l मृतक बलरामपुर जिले के रेहरा बाजार निवासी बताये गये हैं।
उन्होंने बताया कि खरगूपुर इलाके में पुराना मकान भरभराकर गिरने से चार लोग घायल हो गये है। उधर,तूफानी बारिश व तेज हवाओं से आमजन का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया हैं l बिजली की लाइन फाल्ट और सड़कों पर जलजमाव ने लोगों का जीना दूभर कर दिया हैं।
आपदा प्रबंधन सूत्रों के अनुसार,पुलिस प्रशासन संग अन्य बचाव टीमों को सतर्क कर सभी को लाउडस्पीकर से चेताया जा रहा हैं। एडीएम प्रमोद झा के अनुसार,राहत व बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित