भिण्ड , सितंबर 29 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र के ढोंचरा गांव में खाना बनाते समय गैस सिलेण्डर में आग लग गई। आग बढ़ती देख परिवार के लोग घर से बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे तीन पुलिसकर्मियों ने करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।

जानकारी के अनुसार ढोंचरा निवासी बृजेन्द्र सिंह राजावत के घर में परिवार के लोग खाना बना रहे थे। इसी दौरान गैस सिलेण्डर से गैस का रिसाव होने के बाद नोज में आग लग गई। देखते ही देखते सिलेण्डर से लपटें उठने लगीं। आग बढ़ती देखकर परिवार के सदस्यों ने तत्काल घर खाली कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही एफआरबी वाहन मौके पर पहुंचा। इसमें तैनात आरक्षक अमित बघेल, शिवम तोमर और आलोक सेंगर ने स्थिति का जायजा लेकर सावधानी से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सिलेण्डर से उठ रही लपटों के बीच तीनों पुलिसकर्मियों ने करीब 20 मिनट तक प्रयास किया और आग पर काबू पा लिया। आग बुझने के बाद परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित