मुरैना , मार्च 14 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के जौरा कस्बे में घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच घंटों लाइन में लगने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिलने पर एक महिला ने गैस एजेंसी पर हंगामा कर दिया, जिससे वहां अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार जौरा कस्बे में घरेलू गैस सिलेंडर की भारी कमी के कारण गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने के लिए आज तड़के से ही लोगों की लंबी कतार लगी हुई थी। बताया गया है कि घंटों लाइन में लगने के बाद भी जब उक्त महिला को सिलेंडर नहीं मिला, तो उसने आक्रोशित होकर एजेंसी पर हंगामा कर दिया और गेट तोड़ने का प्रयास किया।

इस दौरान एजेंसी परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। महिला एजेंसी के सामने रोने लगी और बताया कि उसके घर में गैस समाप्त होने के कारण दो दिनों से खाना नहीं बन पा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित