देहरादून , मार्च 19 -- उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके आवास पर मुलाकात कर विक्रमी नवसंवत्सर 2083 एवं चैत्र नवरात्र की बधाई तथा शुभकामनाएं दी।
श्री धस्माना ने प्रदेश की जनता की रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की परेशानी से अवगत करवाते हुए उसे दूर करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अमेरिका-इजरायल का ईरान पर हमला और उसके पलटवार से खाड़ी संकट से पैदा हुई रसोई गैस की भारी कमी का असर उत्तराखंड और राजधानी में लगातार बढ़ता जा रहा है और त्योहारी सीजन चैत्र नवरात्र एवं ईद-उल-फितर के कारण आम उपभोक्ता परेशान है।
इस परेशानी को न्यूनतम करवाने के लिए उनसे मांग की कि वह केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री और केंद्रीय खाद्य आपूर्ति मंत्री से बातचीत कर प्रदेश को मिलने वाली एलपीजी सिलेंडरों के आवंटन कोटे को बढ़ाया जाये, ताकि जनता को राहत मिल सके।
श्री धस्माना ने कहा कि आज नव संवत्सर और चैत्र नवरात्र शुरू हो गए हैं और रमजान शरीफ का महीना भी चल रहा है और दो दिन बाद ईद भी है। ऐसे में सनातन धर्मावलंबियों और मुस्लिम दोनों समुदायों के त्यौहारों पर लोगों की रसोई पर गैस की किल्लत त्यौहारों को फीका कर रही है और लोग रसोई गैस के लिए दर दर भटक रहे हैं ।
उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि अकेले राजधानी देहरादून में लगभग पौने आठ लाख रसोई गैस उपभोक्ता हैं और देहरादून के लिए आवंटित कोटा साढ़े पांच लाख सिलेंडर है जो पहले ही सवा दो लाख कम है और आजकल कमी के कारण सप्लाई प्रभावित होने के कारण और कम आ रहे हैं जिससे अफरा तफरी का माहौल बन रहा है ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित