गौतमबुद्धनगर , अप्रैल 07 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिलाधिकारी ने मंगलवार को तहसील सदर के ग्राम घंघोला स्थित शिव साईं हिन्दुस्तान पेट्रोलियम गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण कर गैस वितरण व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और प्रत्येक पात्र उपभोक्ता तक सिलेंडर सुरक्षित व समय पर पहुंचना चाहिए।
जिलाधिकारी ने मंगलवार को निरीक्षण के दौरान बताया कि एजेंसी में उपलब्ध गैस सिलेंडरों के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कराया। सिलेंडरों की संख्या, उनकी क्षमता और रखरखाव की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया गया। साथ ही एजेंसी में संधारित विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन कर उनके सही तरीके से रखरखाव की जांच की गई।
जिलाधिकारी ने गैस सिलेंडरों के परिवहन में लगे ट्रकों की भी जांच की और सुरक्षा मानकों के पालन की जानकारी ली। इस दौरान गोदाम प्रभारी के देरी से पहुंचने और अन्य व्यवस्थाओं में कमी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। एजेंसी में कार्यरत कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का निरीक्षण कर उनकी नियमित कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही एजेंसी पर पर्याप्त पुलिस बल न होने पर संबंधित चौकी इंचार्ज को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और एजेंसी प्रबंधन को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं की सुविधा, सुरक्षा और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि गैस वितरण से संबंधित सभी अभिलेख व्यवस्थित और सुरक्षित रखे जाएं, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस मौके पर उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, एजेंसी प्रबंधक एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
इसके अलावा प्रशासन ने पूर्व में जारी निर्देशों का हवाला देते हुए बताया कि जनपद में वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति निर्धारित सीमा के तहत की जा रही है। व्यावसायिक उपभोक्ताओं को अपने पिछले वित्तीय वर्ष में उपयोग किए गए गैस सिलेंडरों का विवरण और पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन संबंधित गैस कंपनियों को भेजना अनिवार्य किया गया है। केवल उन्हीं संस्थाओं को 70 प्रतिशत तक गैस आपूर्ति दी जाएगी, जिन्होंने पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन किया होगा।
जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि निरीक्षण में पाई गई किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित