मुरैना , मार्च 12 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में गैस कनेक्शनधारी उपभोक्ताओं को एलपीजी की आपूर्ति के सतत नियंत्रण और मॉनिटरिंग के लिए अपर कलेक्टर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय, भोपाल के निर्देश पर यह व्यवस्था की गई है। वर्तमान भू-राजनीतिक परिस्थितियों के कारण आयात में आई बाधा को देखते हुए पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की तेल वितरण कंपनियों को निर्देश दिया है कि एलपीजी की आपूर्ति और विपणन केवल घरेलू उपभोक्ताओं को ही सुनिश्चित किया जाए।
निर्देशों के तहत चिकित्सालय और शैक्षणिक संस्थाओं को छोड़कर अन्य वाणिज्यिक उपभोक्ताओं जैसे होटल, मॉल, बल्क एलपीजी उपयोग करने वाले औद्योगिक प्रतिष्ठान और फैक्ट्रियों को फिलहाल कॉमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति नहीं की जाएगी।
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने गैस आपूर्ति की निगरानी के लिए अपर कलेक्टर अश्विनी कुमार रावत को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही सभी एसडीएम को निर्देश दिए गए हैं कि उनके क्षेत्र में एलपीजी की आपूर्ति केवल घरेलू उपभोक्ताओं तक ही सीमित रहे।
राजस्व और खाद्य विभाग के अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया है कि वे घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करने वाले प्रतिष्ठानों की जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।
कलेक्टर ने गैस एजेंसी संचालकों को भी पत्र लिखकर निर्देश दिए हैं कि होटल, मॉल और औद्योगिक इकाइयों को एलपीजी की आपूर्ति नहीं की जाए तथा घरेलू उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। एजेंसियों को प्रतिदिन गैस सिलेंडरों के स्टॉक और वितरण की जानकारी भी प्रशासन को उपलब्ध करानी होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित