चंडीगढ़ , मई 16 -- पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने फिरोजपुर में कांग्रेस नेताओं को कथित तौर पर धमकाने के मामले में पुलिस उप अधीक्षक करण को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है।
श्री वड़िंग ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस नेता आशु भंगार नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों के साथ नामांकन पत्र दाखिल कराने जा रहे थे। इसी दौरान गैंगस्टर सेखों और उसके समर्थकों ने उन्हें धमकाया और कांग्रेस उम्मीदवारों के साथ न जाने की चेतावनी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि सबसे हैरानी की बात यह रही कि डीएसपी करण ने खुद गैंगस्टर सेखों की बात आशु भंगार से करवाई। यह घटना पंजाब पुलिस और गैंगस्टरों की कथित मिलीभगत को उजागर करती है।
उन्होंने डीएसपी करण के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने और उन्हें सेवा से तुरंत बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही आरोप लगाती रही है कि पंजाब पुलिस और गैंगस्टरों के बीच सांठगांठ है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ऐसा नहीं है तो गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का जेल के अंदर से टीवी इंटरव्यू कैसे कराया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नामांकन दाखिल करने जा रहे कांग्रेस उम्मीदवारों पर हमला किया गया, जिसमें एक महिला उम्मीदवार को बुरी तरह पीटा गया और उनकी दोनों टांगें टूट गईं।
श्री वड़िंग ने सरकार और पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि कुछ महीनों बाद कांग्रेस सत्ता में आएगी और तब सभी जिम्मेदार लोगों से जवाब लिया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने गैंगस्टरों, सरकार और पुलिस के कथित दबाव के बावजूद साहस के साथ मुकाबला किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित