चंडीगढ़ , अप्रैल 24 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि कांग्रेस गैंगस्टरों के खिलाफ लड़ाई को उसके तार्किक अंजाम तक ले जाएगी। उन्होंने घोषणा की कि "गैंगस्टर मुक्त पंजाब" उनकी पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

खूंखार गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई पर आधारित वेब सीरीज 'लॉरेंस ऑफ पंजाब' के खिलाफ आवाज उठाने के लिए उन्होंने पंजाबियों को बधाई दी, जिसके परिणामस्वरूप केन्द्र सरकार को इसकी रिलीज पर प्रतिबंध लगाना पड़ा।

राजा वड़िंग ने व्यक्तिगत रूप से इस वेब सीरीज के खिलाफ एक आक्रामक अभियान का नेतृत्व किया था और एक ऐसे अपराधी के महिमामंडन के खिलाफ चेतावनी दी थी, जो कई लोगों की हत्या का जिम्मेदार है। पीसीसी महासचिव (संगठन) कैप्टन संदीप संधू, पूर्व विधायक हरमिंदर गिल और अधिवक्ता निखिल घई के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, राजा वडिंग ने राज्य में गैंगस्टर संस्कृति के उदय के लिए सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (आप) को जिम्मेदार ठहराया।

उन्होंने कहा, "आप ने राज्य में गैंगस्टर संस्कृति को पनपने देने की 'घिनौनी उपलब्धि' हासिल की है।" उन्होंने कहा कि पूरे पंजाब में डर का माहौल है और जिस तरह से गैंगस्टर लोगों की हत्याएं कर रहे हैं, राज्य में कोई भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है।

वेब सीरीज पर केंद्र सरकार द्वारा लगाये गये प्रतिबंध पर राहत व्यक्त करते हुए, उन्होंने इस प्रतिबंध का श्रेय लेने की कोशिश करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला किया। उन्होंने सवाल पूछा कि आखिर इस वेब सीरीज को बनने की अनुमति ही क्यों दी गयी?राजा वड़िंग ने स्पष्ट किया कि उनके द्वारा वेब सीरीज पर प्रतिबंध की मांग को लेकर चलाए गए निरंतर अभियान, कानूनी नोटिस भेजने, जनहित याचिका दायर करने और प्रधानमंत्री को पत्र लिखने के बाद ही इसकी रिलीज पर रोक लगी है। उन्होंने कहा कि यह उस लड़ाई का पहला कदम है, जो अभी लंबी चलने वाली है। उन्होंने पंजाब में फैल रही खतरनाक गैंगस्टर संस्कृति और इसके कारण असुरक्षित लोगों को निशाना बनाये जाने पर गहरी चिंता व्यक्त की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित