काशीपुर , मार्च 14 -- अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तराखंड की ऊधमसिंह नगर पुलिस को शुक्रवार देर रात को एक और सफलता मिली है।

गैंगस्टर एक्ट के मामले में फरार एक आरोपी को आईटीआई कोतवाली पुलिस और विशेष अभियान समूह (एसओजी) की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के अनुसार जिले में सक्रिय अपराधियों और गिरोहबंद तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि आईटीआई कोतवाली में विगत 10 मार्च को गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में पूर्व में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है।

इसी मुकदमे में वांछित चल रहे अभियुक्त विमल कुमार (32) निवासी ग्राम जलालपुर खालसा थाना डिलारी तहसील ठाकुरद्वारा, जनपद मुरादाबाद फरार था। पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास करती रही और आखिरकार उसे कल देर रात को गिरफ्तार कर लिया गया।

श्री गणपति के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर जेल भेजने की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित