रायसेन , अप्रैल 24 -- मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में सांची मार्ग स्थित ग्राम बारला के पास वेयरहाउस के सामने किसानों ने गेहूं की तुलाई नहीं होने से नाराज होकर हाईवे जाम कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किसानों का आरोप है कि उनकी गेहूं उपज की तुलाई नहीं की जा रही है और स्लॉट बुकिंग भी नहीं हो पा रही है, जिससे वे परेशान हैं। समस्या के समाधान की मांग को लेकर किसानों ने मार्ग अवरुद्ध कर दिया।
हाईवे जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम मनीष शर्मा एवं तहसीलदार मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे। जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर लगभग एक किलोमीटर लंबा वाहन जाम लग गया, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस दौरान एसडीएम मनीष शर्मा ने किसानों को चेतावनी देते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार कोई भी व्यक्ति हाईवे जाम नहीं कर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा पूरे घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग की जा रही है और यदि जाम जारी रहा तो संबंधित लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित