मुरैना , मार्च 9 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के सरायछोला थाना क्षेत्र के ग्राम मसूदपुर में गेहूं के खेत में मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। वन विभाग की टीम ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़कर सुरक्षित चंबल नदी में छोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार रविवार शाम गांव के ग्रामीण सरसों की फसल की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान पास के गेहूं के खेत में उन्हें एक मगरमच्छ दिखाई दिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब तीन घंटे की कार्रवाई के बाद मगरमच्छ को पकड़ लिया गया और उसे चंबल नदी में छोड़ दिया गया।

बताया गया है कि ग्राम मसूदपुर चंबल नदी के समीप बसा हुआ है, जिसके कारण कई बार जलीय जीव नदी से भटककर आसपास के खेतों और गांवों में पहुंच जाते हैं। मगरमच्छ को सुरक्षित नदी में छोड़ने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित