विदिशा , मई 17 -- मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत गेहूं उपार्जन कार्य शासन के निर्देशानुसार सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है। जिले में गेहूं उपार्जन के लिए कुल 174 उपार्जन केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। जिसके चलते गेहूं उपार्जन कार्य में विदिशा जिला अग्रणी बना हुआ है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार विदिशा अनुविभाग में 51, ग्यारसपुर में 16, गंजबासौदा में 23, कुरवाई में 19, नटेरन में 31, सिरोंज में 20 तथा लटेरी में 14 उपार्जन केन्द्र संचालित किए जा रहे हैं।
जिले में गेहूं विक्रय के लिए कुल 87 हजार 913 किसानों ने पंजीयन कराया है। इनमें से 74 हजार 621 किसानों, यानी लगभग 85 प्रतिशत किसानों ने गेहूं विक्रय के लिए स्लॉट बुक कराए हैं। अब तक 59 हजार 323 किसानों से 5 लाख 9 हजार 659 मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की जा चुकी है।
खरीदे गए गेहूं में से 4 लाख 53 हजार 557 मीट्रिक टन गेहूं का परिवहन किया जा चुका है, जो कुल खरीदी का लगभग 89 प्रतिशत है। किसानों के भुगतान के लिए 1088 करोड़ रुपये के ईपीओ प्राप्त हो चुके हैं, जिससे भुगतान प्रक्रिया भी तेजी से जारी है।
कलेक्टर द्वारा उपार्जन कार्य की लगातार समीक्षा की जा रही है। जिले में बारदाने की पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखी गई है तथा उपार्जन केन्द्रों पर व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जा रही है। साथ ही उपार्जन कार्य के लिए स्थापित कंट्रोल रूम के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित