पिथौरागढ़ , मई 27 -- केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने बुधवार को उत्तराखंड के पिथौरागढ़ से सटी भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं के साथ ही सीमा प्रबंधन का जायजा लिया।

उन्होंने सीमावर्ती जवानों से संवाद कर उनकी सराहना की तथा सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की भूमिका को देश की पहली सुरक्षा बताया।

गृह राज्य मंत्री सेना के हेलीकॉप्टर से पिथौरागढ़ के धारचूला पहुंचे, यहां उनका स्वागत जोरदार स्वागत किया गया। श्री राय ने भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर धारचूला झूला पुल का निरीक्षण भी किया। इस दौरान कमांडेंट द्वारा सीमा क्षेत्राधिकार, बॉर्डर इंटरैक्शन टीम की कार्यप्रणाली तथा सीमा सुरक्षा प्रबंधन से जुड़े कार्यों की व्यापक ब्रीफिंग दी गई।

गृह राज्य मंत्री ने तत्पश्चात बीओपी धारचूला का दौरा कर सीमा पर तैनात जवानों से मुलाकात की। उन्होंने जवानों की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में राष्ट्र सुरक्षा के प्रति उनके समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि सीमांत क्षेत्रों में तैनात सुरक्षा बल पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

इस दौरान उनके साथ जिला प्रशासन, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के साथ ही पुलिस के अधिकारियों में पुलिस महानिरीक्षक अमित कुमार, पुलिस अधीक्षक सुधांशु नौटियाल, अक्षय कोंडके, भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के पुलिस महानिरीक्षक मनु महाराज समेत जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित