रायपुर , अगस्त 17 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार सुबह जशपुर जिले के अपने गृहग्राम बगिया में खेत पहुंचकर बैलों की जोड़ी के साथ हल चलाया और पारंपरिक तरीके से खेतों की जुताई की। इस दौरान उन्होंने खेती-किसानी से जुड़ी अपनी पुरानी स्मृतियां साझा करते हुए कहा कि किसान परिवार से होने के कारण खेती उनके लिए केवल आजीविका का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन का संस्कार है।

श्री साय ने खेत में हल चलाने के बाद कहा कि अपने गांव, माटी और खेत से जुड़े रहने का सुख अलग है। हल की मूठ थामते ही खेती-किसानी से जुड़ी पुरानी यादें जीवंत हो उठती हैं और खेतों के बीच बिताया समय नई ऊर्जा देता है। उन्होंने कहा कि बचपन से ही उन्होंने खेती-किसानी को करीब से देखा और अनुभव किया है। गांव और खेतों ने उन्हें श्रम का सम्मान, प्रकृति के साथ सामंजस्य और अपनी जड़ों से जुड़े रहने की सीख दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान यहां की माटी, मेहनतकश किसानों और समृद्ध कृषि परंपराओं से जुड़ी है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन में भी खेती का महत्वपूर्ण स्थान है। यहां के तीज-त्योहार, परंपराएं और ग्रामीण जीवन कृषि से गहराई से जुड़े हुए हैं।

उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में भी अपनी परंपराओं और जड़ों से जुड़ाव बनाए रखना जरूरी है। किसान अपने खेत में केवल फसल नहीं उगाता, बल्कि अपने परिश्रम से समाज और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी संबल देता है।

श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की माटी, कृषि परंपरा और अन्नदाता किसान उनके हृदय के करीब हैं। किसानों की खुशहाली और कृषि की समृद्धि प्रदेश की प्रगति का मजबूत आधार है। उन्होंने प्रदेश के किसानों के परिश्रम को नमन करते हुए उनके जीवन में खुशहाली और खेतों में भरपूर फसल की कामना की।

मुख्यमंत्री का ग्रामीण परिवेश और खेती-किसानी से पुराना नाता रहा है। सार्वजनिक जीवन की व्यस्तताओं के बीच अवसर मिलने पर वे अपने गृहग्राम और खेतों से जुड़ते रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित