विशाखापत्तनम् , अप्रैल 28 -- अमेरिकी टेक कंपनी गूगल ने अडानी कोनेक्स और एयरटेल की नेक्स्ट्रा के साथ साझेदारी में यहां अपने एआई हब का शिलान्यास किया। यह परियोजना 15 अरब डॉलर की है और भारत में गूगल का सबसे बड़ा निवेश है।

आंध्र प्रदेश के तारलुवाडा में आयोजित इस समारोह में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नारा लोकेश, गूगल क्लाउड के उपाध्यक्ष बिकाश कोले, अडानी समूह के निदेशक करण अडानी और जीत अडानी तथा भारती एंटरप्राइजेज के उपाध्यक्ष राकेश मित्तल मौजूद थे।

श्री वैष्णव ने कहा कि विशाखापत्तनम में इंडिया एआई हब की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को तकनीक में वैश्विक नेता बनाने की सोच को दर्शाती है। यह देश के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा बनेगा।

श्री नायडू ने इसे आंध्र प्रदेश के विकास का प्रमुख केंद्र बताते हुए कहा कि यह राज्य के टेक कॉरिडोर को मजबूत करेगा, युवाओं के लिए नये अवसर पैदा करेगा और वैश्विक डिजिटल अर्थव्यवस्था में राज्य की स्थिति को सशक्त करेगा।

यह परियोजना 2026-30 के बीच गूगल के 15 अरब डॉलर के निवेश का हिस्सा है। इसमें भारत का पहला गीगावॉट स्तर का एआई हब शामिल है, जिसमें तीन डेटा सेंटर परिसर होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित