पटना , जनवरी 23 -- राज्य में गुड़ उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गन्ना उद्योग विभाग की ओर से संचालित बिहार राज्य गुड़ उद्योग प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत गुड़ उत्पादन इकाइयों की स्थापना के लिये ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 जनवरी कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार गन्ना की खेती और चीनी उद्योग के विस्तार के लिये कई योजनायें चला रही है, जिनके तहत किसानों को अनुदान दिया जा रहा है। इसी कड़ी में गुड़ उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिये गन्ना किसानों और निवेशकों को छह लाख रुपये से लेकर एक करोड़ रुपये तक का अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है।
गन्ना उद्योग विभाग के अनुसार, विभिन्न पेराई क्षमता वाली गुड़ उत्पादन इकाइयों को पूंजी लागत का 50 प्रतिशत तक अनुदान देने का प्रावधान है। इसके तहत 5 से 20 टन प्रतिदिन पेराई क्षमता वाली इकाइयों को अधिकतम 6 लाख रुपये, 21 से 40 टन क्षमता वाली इकाइयों को 15 लाख रुपये, 41 से 60 टन क्षमता वाली इकाइयों को 45 लाख रुपये, जबकि 60 टन से अधिक प्रतिदिन पेराई करने वाली इकाइयों को अधिकतम एक करोड़ रुपये तक का अनुदान दिया जायेगा।
विभाग ने बताया कि यह योजना गन्ना किसानों की आय बढ़ाने के साथ- साथ राज्य में गुड़ आधारित उद्योगों को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित