श्रीनगर , मार्च 12 -- जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग ने पर्यटन स्थल गुलमर्ग में 'वैली गाइड' लाइसेंस धारकों को 'टूरिस्ट गाइड' श्रेणी में बदलने की चरणबद्ध प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पर्यटन विभाग के सूत्रों के मुताबिक यह कदम सत्यापन अभ्यास के बाद उठाया गया है। इसमें पंजीकरण में लंबे समय से चली आ रही अनियमितताएं सामने आयी हैं।

उन्होंने बताया कि 77 वैली गाइड पंजीकरण धारकों की अंतरिम सूची तैयार की है, जिन्हें प्रोन्नत कर 'टूरिस्ट गाइड' बनाने का प्रस्ताव है। इससे वे गुलमर्ग पर्यटन क्षेत्र में काम कर सकेंगे, हालांकि यह प्रक्रिया बारीकी से जांच और निर्धारित आवश्यकताओं को पूरा करने के अधीन होगी।

क्षेत्र के पर्यटन विशेषज्ञों ने इस कदम का व्यापक स्वागत किया है। उनका मानना है कि गुलमर्ग में गाइड सेवाओं में पारदर्शिता, नियमन और जवाबदेही लाने के लिए यह बहुप्रतीक्षित कदम है, क्योंकि यहां की अर्थव्यवस्था की रीढ़ पर्यटन ही है।

गुलमर्ग के सहायक पर्यटन निदेशक ताहिर मोहिउद्दीन वानी ने इन सुधारों की पहल की है। उन्होंने 'जम्मू-कश्मीर पर्यटक व्यापार अधिनियम' के तहत पंजीकृत सेवा प्रदाताओं का व्यापक सत्यापन किया।

अधिकारियों ने बताया कि इस अभ्यास के दौरान क्षेत्र में लंबे समय से लंबित कई गड़बड़ियां पायी गयी हैं। इनमें मृत व्यक्तियों, सरकारी कर्मचारियों और एक साथ कई पंजीकरण रखने वाले व्यक्तियों के नाम पर चल रहे लाइसेंस शामिल थे।

यथास्थिति बनाये रखने के बजाय जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग के संरक्षण में श्री वानी ने मौजूदा पंजीकरण रिकॉर्ड की व्यवस्थित जांच और उसे तर्कसंगत बनाने की प्रक्रिया शुरू की है। इस प्रक्रिया के दौरान अयोग्य पंजीकरणों की पहचान की गयी और कानून के अनुसार उन्हें रद्द करने के आदेश जारी किये गये। इन निरस्त किये गये पदों, विशेष रूप से 'टूरिस्ट गाइड' श्रेणी में मृत्यु और सरकारी नौकरी मिलने के कारण खाली हुए 77 स्थानों के बदले अब योग्य 'वैली गाइड' लाइसेंस धारकों के पहले बैच को श्रेणी परिवर्तन के लिए अधिसूचित किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान सूची आधिकारिक रिकॉर्ड में उपलब्ध योग्यता, आयु और अनुभव जैसे निर्धारित मापदंडों के आधार पर तैयार की गयी है। इसका उद्देश्य चयन प्रक्रिया में एकरूपता, प्रशासनिक स्पष्टता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना है, ताकि पात्रता के निर्धारण में किसी भी प्रकार का भ्रम या विवाद न रहे। जिन योग्य लाइसेंस धारकों के नाम इस पहली सूची में नहीं हैं, उनके लिए गुलमर्ग के सहायक पर्यटन निदेशक ने स्पष्ट किया है कि रिक्तियों की उपलब्धता और सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के आधार पर अगली सूचियां चरणबद्ध तरीके से जारी की जायेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित