श्रीनगर , मई 26 -- जम्मू- कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग की विश्व प्रसिद्ध गोंडोला केबल कार सेवा करीब एक सप्ताह के लिए स्थगित रहेगी। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को तकनीकी खराबी आने के बाद एक बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया गया था, जिसमें हवा में फंसे लगभग 300 पर्यटकों को सुरक्षित निकाला गया, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया है।
अधिकारियों ने कहा कि परिचालन को निलंबित करने का निर्णय पूरी तरह से पर्यटकों की सुरक्षा और भलाई के हित में लिया गया है। कश्मीर के पर्यटन निदेशक और जम्मू-कश्मीर केबल कार कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक सैयद कमर सज्जाद ने कहा, " पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गोंडोला सेवा करीब एक सप्ताह तक बंद रहेगी।"जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार शाम को कहा कि केबल कार की तकनीकी खराबी वाली घटना की गहन जांच की जाएगी। मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया पर कहा, "किसी भी तरह की लापरवाही के लिए जिम्मेदारी तय की जाएगी और उचित कार्रवाई की जाएगी।"सैयद कमर ने बताया कि सोमवार दोपहर ट्रॉली खंड के गियरबॉक्स में तकनीकी खराबी आ गयी थी, जिसके कारण अधिकारियों को परिचालन रोकना पड़ा और आपातकालीन बचाव अभियान शुरू करना पड़ा। यह बचाव अभियान पुलिस, सेना, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल और केबल कार कॉर्पोरेशन की बचाव टीमों द्वारा संयुक्त रूप से चलाया गया।
उन्होंने बताया कि केबल कार कॉर्पोरेशन की छह बचाव टीमें तुरंत हरकत में आयीं और पुलिस तथा राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल के सहयोग से ऊपरी और निचले दोनों टर्मिनलों से एक समन्वित बचाव अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा, " हवा में लटके करीब 62 केबिनों में लगभग 280 पर्यटक फंसे हुए थे। हर पर्यटक को केबिन-दर-केबिन सुरक्षित नीचे उतारा गया। यह अभियान चार से पांच घंटे के भीतर सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया और सभी पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया गया।" उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रणाली अपनी स्वीकृत क्षमता के भीतर ही काम कर रही थी।
उन्होंने कहा, " गोंडोला की क्षमता 72 केबिनों की है, जबकि केवल 63 केबिन ही चल रहे थे। यह अत्यधिक भार की समस्या नहीं थी।"उन्होंने कहा कि मुख्य गियरबॉक्स में इस तरह की खराबी पहली बार आयी है।
सैयद कमर ने कहा कि इस तकनीकी खराबी के कारणों का पता लगाने के लिए एक आंतरिक तकनीकी समिति का गठन किया गया है। उन्होंने कहा, "भले ही इसमें एक सप्ताह से अधिक का समय लगे, लेकिन परिचालन तभी शुरू होगा जब हम पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर शत-प्रतिशत आश्वस्त हो जाएंगे।" गुलमर्ग गोंडोला कश्मीर में पर्यटकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण है, जिसमें वर्ष 2024 में रिकॉर्ड 10 लाख आगंतुकों ने इस सवारी का आनंद लिया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित