श्रीनगर/पौड़ी , मार्च 25 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल जिले में लगातार बढ़ रही गुलदार के हमलों की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ताजा घटना के बाद सोमवार को लोगों ने श्रीनगर-पौड़ी रोड़ के खंडाह क्षेत्र में जाम लगाकर वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग उठाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते कुछ महीनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में गुलदार के हमलों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन घटनाओं में कई लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। लगातार बढ़ते खतरे के कारण ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि रविवार देर शाम औणी गांव में एक महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। महिला के पति ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए पत्थर मारकर गुलदार को वहां से भगाया, जिससे महिला की जान बच सकी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग को लगातार घटनाओं की जानकारी दिए जाने के बावजूद कोई ठोस और स्थायी कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही गांवों में डर का माहौल बन जाता है और महिलाएं, बच्चे तथा बुजुर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही प्रभावित क्षेत्रों में पिंजरे लगाने, गश्त बढ़ाने और हमलावर गुलदार को पकड़ने जैसी प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उनका कहना है कि हालात ऐसे बनते जा रहे हैं कि लोग गांव छोड़ने और पलायन करने तक को मजबूर हो सकते हैं।
वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा वन्यजीव हमलों को रोकने के लिए तत्काल विशेष अभियान चलाने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित