पौड़ी , जुलाई 23 -- उत्तराखंड में पौड़ी जनपद में वन्यजीव तस्करी और अवैध शिकार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुलदार की खाल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में वन्यजीवों की तस्करी एवं अवैध शिकार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिलेभर में अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना सतपुली पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि ग्राम पोखरी (दुधारखाल) निवासी एक व्यक्ति गुलदार की खाल हरियाणा में बेचने की तैयारी कर रहा है। सूचना की पुष्टि होने पर क्षेत्राधिकारी पौड़ी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अनिल चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी।

तलाशी के दौरान आरोपी संदीप कुमार धस्माना (39), निवासी ग्राम पोखरी, सतपुली के घर में रखे एक टिन के बॉक्स से गुलदार की खाल बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने लगभग दो वर्ष पहले जंगल में फंदा लगाकर गुलदार का शिकार किया था। इसके बाद उसने खाल निकालकर सुखाई और सही खरीदार मिलने की उम्मीद में अपने घर में छिपाकर रखी थी। अब वह इसे बेचने के लिए हरियाणा ले जाने की योजना बना रहा था।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाना सतपुली में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9, 39, 50 एवं 51 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि गुलदार संरक्षित वन्यजीव की श्रेणी में आता है। ऐसे वन्यजीव का शिकार करना, उसकी खाल रखना अथवा उसका व्यापार करना गंभीर एवं दंडनीय अपराध है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित