पौड़ी गढ़वाल , जुलाई 24 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल पुलिस ने गुलदार की खाल सहित एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस व्यक्ति ने पूर्व में गुलदार का शिकार कर उसकी खाल उतारी थी। जिसे लम्बे समय से बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में लगा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सर्वेश पंवार ने शुक्रवार को बताया कि वन्य जीवों के अवैध शिकार एवं तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना सतपुली के नेतृत्व में पुलिस टीम को गोपनीय सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम पोखरी, दुधारखाल में एक व्यक्ति के पास गुलदार की खाल है, जिसे बेचने के लिए वह आगामी दिनों में हरियाणा ले जाने की तैयारी कर रहा है। सूचना पर टीम गठित कर इस संबंध में और अधिक सटीक जानकारी जुटाई गई एवं पुष्टि होने के पश्चात ग्राम पोखरी में दबिश दी गई और एक संदिग्ध व्यक्ति संदीप कुमार धस्माना को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। इस दौरान उसके घर में एक टिन के बॉक्स से गुलदार की खाल बरामद की गई।
श्री पंवार ने अभियुक्त से पूछताछ के आधार पर बताया कि उसने लगभग दो वर्ष पूर्व जंगल में फंदा लगाकर गुलदार का शिकार किया था तथा उसकी खाल निकालकर सुखाकर अपने पास रखी थी। सही खरीददार की तलाश में वह खाल को लंबे समय से छिपाकर रखे हुए था और अब उसे बेचने की योजना बना रहा था। उन्होंने बताया कि गुलदार वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के अंतर्गत संरक्षित वन्यजीव की श्रेणी में आता है। ऐसे संरक्षित वन्यजीव का शिकार करना, उसकी खाल रखना अथवा उसका व्यापार करना गंभीर एवं दंडनीय अपराध है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ धारा 9, 39, 50 और 51 वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। साथ ही न्यायालय में पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित