चंडीगढ़ , सितंबर 08 -- पंजाब में संगरूर निवासी गुलजार सिंह की मौत के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से जवाब तलब किया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अनुसूचित जाति मोर्चा, पंजाब के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक शीतल अंगुराल की शिकायत पर आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), उपायुक्त संगरूर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संगरूर को नोटिस जारी कर पांच दिन के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) मांगी है।
पूर्व विधायक अंगुराल ने मंगलवार को बताया कि उन्होंने गुलजार सिंह की मौत से जुड़े गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के समक्ष शिकायत दी थी। उनके अनुसार आयोग ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि आयोग ने संविधान के अनुच्छेद 338 के तहत अपने अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए मामले की जांच करने का निर्णय लिया है। उन्होंने इसे गुलजार सिंह के परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
श्री अंगुराल ने कहा कि उन्होंने मामले से जुड़े गंभीर आरोप आयोग के समक्ष रखे और निष्पक्ष जांच की मांग की थी। उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को नोटिस जारी किए जाने से मामले की गंभीरता सामने आती है। उन्होंने पंजाब सरकार और संबंधित अधिकारियों से आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित समय के भीतर पूरी कार्रवाई रिपोर्ट सौंपने की उम्मीद जताई। साथ ही उन्होंने गुलजार सिंह के परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र जांच की मांग दोहराई।
भाजपा नेता ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक वह इस मामले को प्रमुखता से उठाते रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित