फगवाड़ा/कपूरथला , सितंबर 14 -- पंजाब कांग्रेस ने दिवंगत गुलजार सिंह और उनके परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर 15 सितंबर को चंडीगढ़ में प्रस्तावित 'न्याय प्रदर्शन' की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
इस संबंध में कपूरथला, नवांशहर और होशियारपुर के कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक सोमवार को फगवाड़ा में हुई। बैठक में पंजाब कांग्रेस के सह-प्रभारी सूरज ठाकुर ने कहा कि यह केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि गुलजार सिंह के परिवार को न्याय दिलाने की लड़ाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है और सरकार को इसका जवाब जनता को देना होगा।
कपूरथला जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल ने कहा कि कांग्रेस दलित परिवार के साथ खड़ी है और किसी भी तरह के अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट के नेतृत्व में होने वाला प्रदर्शन आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ बड़ा संदेश देगा।
प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष सुखजिंदर सिंह डैनी ने आरोप लगाया कि पुलिस दबाव के जरिए दलित परिवारों को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने सभी वर्गों से 15 सितंबर के चंडीगढ़ प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनायी गयी। इसमें पूर्व मंत्री संगत सिंह गिलजियां, सुंदर शाम अरोड़ा, पूर्व विधायक पवन आदिया, नवतेज सिंह चीमा, लोकसभा उम्मीदवार यामिनी गोमर समेत तीनों जिलों के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित