भरतपुर , मई 30 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर के कुशलीदर्रा में गुर्जर समाज के शहीद स्थल पर कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की मूर्ति की स्थापना के मामले में पुलिस एवं प्रशासन की मनाही और मौके पर भारी पुलिसबल तैनात किए जाने के बावजूद मूर्ति स्थापना की सभी तैयारियां करीब पूरी कर ली गई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात बैंसला की मूर्ति को शहीद स्थल पर लाकर रख दिया गया। साथ ही शनिवार को विजय सिंह बैंसला द्वारा हवन पूजन के साथ मूर्तियों के अनावरण करने की घोषणा की गई। इसके चलते यहां गुर्जर समाज के साथ पुलिस एवं प्रशासन से सीधे टकराव की आशंका व्यक्त की गई है।

गुर्जर समाज के लोगों द्वारा कल रात कर्नल बैंसला की मूर्तियां को कुशलीदर्रा में लाकर रखने के बाद आज सुबह से यहां गुर्जर समाज के लोगों की आना जारी है। सभा स्थल पर समाज के लोग एकत्रित हैं। इसके बाद विजय बैंसला के आने पर पूजा-हवन होगा और मूर्तियों का अनावरण किया जाएगा।

सूत्रों ने बताया कि देर रात खंडार विधायक जितेंद्र गोठवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर कुशालीपुरा पहुंचे और गुर्जर समाज के लोगों से बातचीत करके स्थिति को शांत करने की कोशिश की लेकिन समाज के लोगों के अपनी बात पर अडिग रहने के बाद सुबह शहीद स्थल पर पहले से तैनात भारी पुलिस बल में इजाफा किया गया है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। मूर्ति स्थापना कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए सवाई माधोपुर, करौली और दौसा जिलों से करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित